चौपासनी हाउसिंग बोर्ड में चल रही कथा में कपिल, अनुसुइया, ध्रुव, सती और भरत चरित्र सहित नरसिंह अवतार की कथा का किया वर्णन

कल गजेंद्र मोक्ष, वामन अवतार, राम जन्म और नंद उत्सव का होगा आयोजन

जोधपुरगणेश पार्क, सेक्टर 2 स्थित चौपासनी हाउसिंग बोर्ड, प्रथम पुलिया में चल रही भागवत कथा में आज प्रख्यात कथावाचक कृष्णमुरारी महाराज ने श्रद्धालुओं को भक्ति के अद्भुत रंगों से रंग दिया। अपने मनोहारी प्रवचन में उन्होंने कपिल चरित्र, अनुसुइया चरित्र, ध्रुव चरित्र, सती चरित्र और भरत चरित्र का मार्मिक वर्णन किया। इसके साथ ही उन्होंने भगवान नरसिंह अवतार की कथा का भी बड़े ही रोचक अंदाज में वर्णन किया।

महाराज जी ने अपने व्याख्यान में बल दिया कि भगवान के प्रति अटूट विश्वास ही भक्त और भगवान के बीच सेतु का काम करता है। उन्होंने कहा कि यदि भाव और भक्ति के साथ भगवान को पुकारा जाए तो भगवान अवश्य भक्त का साथ देते हैं। भगवान की प्राप्ति के लिए निर्मल मन होना अत्यंत आवश्यक है। उन्होंने कहा कि होशियारी और अहंकार से भगवान की प्राप्ति संभव नहीं है। एक बार भगवान पर पूरा भरोसा कर लीजिये, वो खुद ही सब कुछ संभाल लेंगे। जहाँ मन में 'मैं' की भावना आ जाती है, वहाँ भगवान पीछे हट जाते हैं।  रावण, कंश और हिरण्यकश्यप जैसे राक्षसों के अभिमान का उदाहरण देते हुए उन्होंने कहा कि अभिमान से भगवान की प्राप्ति नहीं हो सकती। "लगन तुमसे लगा बेठे जो होगा देखा जाएगा" भजन पर भक्त भाव विभोर होकर झूम उठे।

कृष्णमुरारी प्रेम परिवार के संचालक रूकमणी अरोड़ा ने बताया कि कल कथा में गजेंद्र मोक्ष, वामन अवतार, राम जन्म और कृष्ण जन्म, नंद उत्सव का वर्णन किया जाएगा। उन्होंने बताया कि कथा का समय प्रतिदिन दोपहर 1 बजे से शाम 5.30 बजे तक रहेगा। भागवत कथा में बड़ी संख्या में श्रद्धालु उपस्थित होकर लाभ उठा रहे हैं और भक्तिमय माहौल का आनंद ले रहे हैं।

Post A Comment:

0 comments: