जोधपुर में कश्मीर आतंकवादी हमले के विरोध में हुआ प्रदर्शन, आतंकियों को फांसी की मांग
आर्य वीर दल ने राजीव गांधी चौराहे पर जलाया आतंकवाद का पुतला
जोधपुर। आर्य वीर दल राजस्थान ने कश्मीर के पहलगाम में हुए आतंकवादी हमले का कड़ा विरोध किया है। 22 अप्रैल को हुए इस हमले में आतंकवादियों ने आम सैलानियों को निशाना बनाया था, जिसमे कई लोग मारे गए थे। इस घटना के विरोध में आज आर्य वीर दल राजस्थान ने जोधपुर में एक प्रदर्शन किया।
आर्य वीर दल राजस्थान के अध्यक्ष भंवरलाल आर्य ने बताया कि उन्होंने जोधपुर कलेक्टर के माध्यम से राष्ट्रपति महोदय को एक ज्ञापन सौंपा है। ज्ञापन में आतंकवादियों की कड़ी निंदा करते हुए उनकी शीघ्र गिरफ्तारी और फांसी की सजा की मांग की गई है। साथ ही पाकिस्तान को भी इस घटना के लिए कड़ा सबक सिखाने की मांग की गई है ताकि भविष्य में भारत पर आँख उठाने से पहले सोचा जाए।
प्रदर्शनकारियों ने नई सड़क स्थित राजीव गांधी चौराहे पर आतंकवाद का पुतला दहन किया और "आतंकवाद मुर्दाबाद", "पाकिस्तान मुर्दाबाद", "आतंकवादियों को फांसी दो" जैसे नारे लगाए।
आर्य प्रतिनिधि सभा राजस्थान के उपप्रधान नारायण सिंह आर्य ने कहा कि आतंकवादियों का उद्देश्य देश में साम्प्रदायिक जहर घोलना और आपसी गृहयुद्ध भड़काना है। उन्होंने कहा कि देश की सुरक्षा सरकार का पहला कर्तव्य है और इस पर ध्यान देने की आवश्यकता है। उन्होंने आतंकवाद का खात्मा कर साम्प्रदायिक सद्भाव बनाए रखने और राष्ट्र की प्रगति का आह्वान किया। उन्होंने युवाओं को आत्मरक्षा के लिए तैयार रहने का भी आह्वान किया और दिवंगत लोगों को श्रद्धांजलि अर्पित की।
आर्य वीर दल राजस्थान के संगठन मंत्री जितेंद्र सिंह और पूर्व अध्यक्ष चाँदमल आर्य ने भी प्रदर्शन में भाग लिया और शांति पाठ के साथ श्रद्धांजलि अर्पित की।
इस प्रदर्शन में नारायण सिंह आर्य, भंवरलाल आर्य, चाँदमल आर्य, जितेंद्र सिंह, गजे सिंह भाटी, पूनम सिंह शेखावत, भंवरलाल बिवाल, उम्मेदसिंह आर्य, रोशन आर्य, गणपतसिंह आर्य, महेश आर्य, राजेश आर्य, एडवोकेट चेनाराम आर्य, विष्णु प्रकाश, किशोर सिंह पंवार, राजेश देवड़ा, जयदीप सिंह, एडवोकेट हिमांशु टांक, देव आर्य, कनिष्का आर्या युवराज, बादल सहित कई अन्य आर्य वीर उपस्थित रहे।
Post A Comment:
0 comments: