सुरेश राठी ग्रुप और जायंट्स ग्रुप के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित कार्यक्रम में म्यूचुअल फंड, वित्तीय योजनाएँ और महिला सुरक्षा पर हुई चर्चा
म्यूचुअल फंड विशेषज्ञों ने निवेशकों को दी जानकारी, पुलिस ने दी सुरक्षा संबंधी सुझाव
जोधपुर। शहर में महिलाओं के लिए एक महत्वपूर्ण कार्यक्रम का आयोजन किया गया जिसमें निवेश और सुरक्षा दोनों पहलुओं पर प्रकाश डाला गया। सुरेश राठी ग्रुप और जायंट्स ग्रुप ऑफ रॉयल लेडीज के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित इस कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य महिलाओं को वित्तीय योजनाओं और निवेश के बारे में जागरूक करना और साथ ही उनकी सुरक्षा के प्रति जागरूकता बढ़ाना था।
कार्यक्रम में म्यूचुअल फंड के क्षेत्र में विशेषज्ञता रखने वाले धर्मेंद्र डांग, सुंदरम म्यूचुअल फंड, दिल्ली के क्षेत्रीय प्रमुख ने म्यूचुअल फंड में निवेश के लाभ, जोखिम और भविष्य की संभावनाओं पर विस्तृत प्रस्तुति दी। उन्होंने विभिन्न प्रकार के म्यूचुअल फंड और उनके निवेशकों के लिए उपयुक्तता के बारे में भी जानकारी दी।
सुरेश राठी ग्रुप के मार्केटिंग प्रमुख दीपक सारडा ने ऑनलाइन म्यूचुअल फंड निवेश की सुविधाओं और सुरेश राठी ग्रुप के एमएफ ऐप के फायदों पर प्रकाश डाला। उन्होंने ऑनलाइन निवेश प्रक्रिया को आसान और सुरक्षित बनाने के तरीकों पर भी चर्चा की। बिजनेस डेवलपमेंट प्रमुख सागर दायमा ने कंपनी के विभिन्न वित्तीय उत्पादों और सेवाओं के बारे में विस्तृत जानकारी प्रदान की और निवेशकों के सवालों का जवाब दिया।
महिला सुरक्षा के महत्व पर ज़ोर देते हुए, राजस्थान पुलिस की कालिका पेट्रोलिंग यूनिट द्वारा एक विशेष सत्र आयोजित किया गया। अतिरिक्त एसपी सुनील के. पंवार ने महिला सुरक्षा और सशक्तिकरण संबंधी महत्वपूर्ण टिप्स दिए और महिलाओं को आत्मरक्षा के तरीके सिखाए। उन्होंने महिलाओं को सुरक्षित रहने और अपनी सुरक्षा के प्रति जागरूक रहने के लिए प्रेरित किया।
कार्यक्रम के अंत में जायंट्स ग्रुप ऑफ रॉयल लेडीज की अध्यक्ष निरुपा पटवा ने सभी वक्ताओं, पुलिस अधिकारियों और उपस्थित महिलाओं को धन्यवाद ज्ञापित किया और इस तरह के जागरूकता कार्यक्रमों को आगे भी जारी रखने का आश्वासन दिया। उन्होंने कहा कि महिलाओं को आर्थिक रूप से सशक्त होना और अपनी सुरक्षा के प्रति जागरूक होना अत्यंत महत्वपूर्ण है।
Post A Comment:
0 comments: