जोधपुर में 200 से अधिक महिलाओं ने मनाया रंगों का त्योहार, नारी सशक्तिकरण की अनूठी मिसाल
प्रो. डॉ. रेणु जांगिड़ ने किया कार्यक्रम का शुभारंभ
जोधपुर। शास्त्री नगर सेक्टर 'ए' स्थित श्री विश्वकर्मा जांगिड़ पंचायत भवन में श्री विश्वकर्मा जांगिड़ सखियों द्वारा आयोजित फागोत्सव ने रंगों से सराबोर कर दिया। इस भव्य आयोजन में 200 से अधिक महिलाओं ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया और फाग गीतों पर झूमीं। कार्यक्रम का शुभारंभ स्मृति शेष समाज सेवी रामचंद्र जांगिड़ की प्रतिमा पर माल्यार्पण व भगवान श्री विश्वकर्मा एवं मां सरस्वती की तस्वीर पर दीप प्रज्ज्वलन से हुआ। आगंतुकों का अबीर-गुलाल से स्वागत किया गया।
आयोजन समिति की सदस्यों विनती भाकरेचा, स्नेहलता जादम, सुनिता शर्मा, आशा शर्मा, पूजा मांकड़ और शचि शर्मा ने बताया कि कार्यक्रम में अ.भा.जां.ब्रा.म.प्र. राजस्थान की महिला प्रदेशाध्यक्ष प्रोफेसर डॉ. रेणु जांगिड़, आरएएस गोमती शर्मा, और डॉ. वंदना शर्मा मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुईं। प्रो. (डॉ.) रेणु जांगिड़ के महिला प्रदेशाध्यक्ष बनने के बाद यह पहला बड़ा आयोजन था।
अपने उद्बोधन में प्रो. (डॉ.) रेणु जांगिड़ ने कहा कि समाज के सभी वर्गों की महिलाओं की एक साथ भागीदारी से ही कार्यक्रम सफल होता है और नारी सशक्तिकरण की अनूठी मिसाल पेश होती है। उन्होंने इस आयोजन को नारी सशक्ति करण की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम बताया।
कार्यक्रम में समाज की महिलाओं ने मनमोहक फाग गीतों और होरी गायन से समां बांध दिया। नन्हे-मुन्ने बच्चों ने भी अपने नृत्य से सबका मन मोह लिया। फाल्गुनियों पोशाक में सजी-धजी महिलाएं राधा-कृष्ण बने बच्चों के साथ पुष्प होली खेलती हुईं और थिरकती हुईं आनंद में डूबी नज़र आईं।
अतिथियों ने सभी प्रतियोगियों को पुरस्कृत किया। ऋतु जांगिड़ ने कार्यक्रम का कुशलतापूर्वक संचालन किया। आयोजन में समिति की सभी सदस्यों ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। यह आयोजन नारी सशक्तिकरण और सामाजिक एकता का एक बेहतरीन उदाहरण रहा।
Post A Comment:
0 comments: