केंद्रीय मंत्री शेखावत ने सैनिकों के साहस और पराक्रम की सराहना करते हुए कहा, "हर जवान के पीछे 140 करोड़ देशवासियों की ताकत"
'ऑपरेशन सिंदूर' की सफलता और वीर जवानों के सम्मान में निकली भव्य तिरंगा यात्रा
जोधपुर। भारतीय सेना के 'ऑपरेशन सिंदूर' की शानदार सफलता और मातृभूमि के वीर जवानों के अदम्य साहस और पराक्रम के सम्मान में आज सूर्यनगरी जोधपुर में एक भव्य तिरंगा यात्रा का आयोजन किया गया। यह यात्रा जालोरी गेट से शुरू हुई, जहाँ केंद्रीय संस्कृति एवं पर्यटन मंत्री गजेंद्र सिंह शेखावत ने इसका शुभारंभ किया।
शेखावत ने अपने संबोधन में कहा कि देश की सीमाओं पर तैनात हर जवान के पीछे 140 करोड़ देशवासियों की अटूट ताकत और समर्थन है। उन्होंने कहा, "देश के सैनिकों ने अदम्य साहस और वीरता का परिचय देते हुए, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में आतंकवाद का मुँहतोड़ जवाब दिया है। पहलगाम आतंकी हमले का बदला लेते हुए, उन्होंने पाकिस्तान को करारा जवाब दिया है, जिससे विश्व पटल पर भारत की शक्ति और प्रतिष्ठा में वृद्धि हुई है। 'ऑपरेशन सिंदूर' के माध्यम से सैकड़ों आतंकवादियों को मार गिराकर आतंकवाद को पोषित करने वाली शक्तियों की कमर तोड़ दी गई है।"
तिरंगा यात्रा में हजारों लोगों ने भाग लिया, भारत माता के जयकारों और देशभक्ति के गीतों से वातावरण गूंज उठा। राष्ट्रप्रेमियों, समाजसेवियों और आम नागरिकों ने इस यात्रा के माध्यम से वीर सैनिकों और प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व का आभार व्यक्त किया।
भाजपा के कई वरिष्ठ नेता भी इस यात्रा में शामिल हुए, जिनमें भाजपा प्रदेश अध्यक्ष मदन राठौड़, राजस्थान सरकार में कैबिनेट मंत्री जोगाराम पटेल, राज्यसभा सांसद राजेंद्र गहलोत, सूरसागर विधायक देवेन्द्र जोशी, शहर विधायक अतुल भंसाली, महापौर वनिता सेठ, जीव जन्तु कल्याण बोर्ड के अध्यक्ष जसवंत सिंह विश्नोई, पूर्व सांसद रामनारायण डूडी, पूर्व सांसद मानवेंद्र सिंह जसोल, प्रदेश उपाध्यक्ष डॉ. ज्योति मिर्धा, प्रदेश उपाध्यक्ष नारायण पंचारिया, भारतीय जनता पार्टी जोधपुर शहर जिला अध्यक्ष राजेंद्र पालीवाल, देहात दक्षिण के अध्यक्ष त्रिभुवन सिंह भाटी, जेडीए के पूर्व अध्यक्ष महेंद्र सिंह राठौड़, उप महापौर किशन लड्ढा, स्थानीय जनप्रतिनिधि, पार्षदगण, जिला पदाधिकारी, और बूथ स्तर तक के कार्यकर्ता शामिल थे।
इस भव्य यात्रा ने जोधपुर शहर को गौरवान्वित किया और देशभक्ति का एक अद्भुत नजारा पेश किया।
Post A Comment:
0 comments: