Grand Mahadev statue based on Kailash mountain theme unveiled at Pipaleshwar Mahadev temple. कैलाश पर्वत थीम पर आधारित भव्य महादेव प्रतिमा का अनावरण।

छह फीट ऊंची प्रतिमा में सात शिवलिंग, गंगाधारा का मनमोहक दृश्य

महाशिवरात्रि के शुभअवसर पर हुआ अनावरण, भजन संध्या ने बढ़ाया उत्साह

जोधपुरमहाशिवरात्रि के पावन पर्व पर जोधपुर के रातानाडा स्थित श्री पीपलेश्वर महादेव मंदिर में आस्था और भक्ति का अद्भुत संगम देखने को मिला। मंदिर में कैलाश पर्वत थीम पर आधारित एक भव्य महादेव प्रतिमा का अनावरण किया गया।  सोमवार शाम को मंदिर के प्रमुख पुजारी पं. शिवसागर शास्त्री द्वारा विधिवत पूजा-अर्चना के बाद, मंदिर के महंत श्रीधर गिरी महाराज ने जलाभिषेक कर इस छह फीट ऊंची प्रतिमा का अनावरण किया। प्रतिमा में सात शिवलिंगों को अद्भुत ढंग से स्थापित किया गया है और शिव जी की जटाओं से बहती गंगाधारा का मनमोहक दृश्य दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर रहा है।  जल सातों शिवलिंगों से होकर महादेव के चरणों में अर्पित होता है, जो इस प्रतिमा की विशेषता है।

महंत श्रीधर गिरी महाराज ने बताया कि यह भव्य प्रतिमा मंदिर समिति के सदस्य शशिकांत तिवाड़ी ने अपने स्वर्गीय माता-पिता, पुखराज देवी और पुरुषोत्तम लाल तिवाड़ी की स्मृति में बनवाई है। आरसीसी मिश्रण से निर्मित यह प्रतिमा लगभग एक महीने में तैयार हुई है। यह दार्शनिक स्थल अब श्रद्धालुओं के लिए आकर्षण का एक प्रमुख केंद्र बन गया है।

अनावरण समारोह में मंदिर समिति के सदस्य इंद्रा पुनवानी, शास्वत गिरी, पं. सौरभ त्रिपाठी, पं. सूरज शर्मा, पं. श्रवण पंचारिया, पं. कुलदीप मिश्रा, गौसेवक दीपक सोनी और दिलीप सांखला सहित बड़ी संख्या में श्रद्धालु उपस्थित रहे।

महादेव प्रतिमा के अनावरण के साथ ही, मंदिर में हर सोमवार को आयोजित होने वाले हरिकीर्तन के तहत एक भजन संध्या का भी आयोजन किया गया। फ़ाल्गुन मास के उपलक्ष्य में, भजन गायकों ने होली के रंग में डूबी मनमोहक होरियों और शिव भजनों की प्रस्तुति देकर समारोह में चार चाँद लगा दिए।  समारोह में भक्तिमय वातावरण का अनुभव किया गया।

Post A Comment:

0 comments: