एरिया डोमिनेशन अभियान में 6 मामले दर्ज, 27 गिरफ्तार, डेढ़ किलो अफीम भी बरामद
DCP राजर्षि राज वर्मा ने दी जानकारी, आगे भी जारी रहेगी कार्रवाई
जोधपुर। पश्चिम जिला पुलिस ने आज एक बड़े पैमाने पर एरिया डोमिनेशन अभियान चलाकर बजरी माफिया पर शिकंजा कसा। पुलिस कमिश्नर राजेंद्र सिंह के निर्देश पर और DCP राजर्षि राज वर्मा के नेतृत्व में चलाये गए इस अभियान में 175 पुलिसकर्मियों की 25 टीमों ने 100 से अधिक स्थानों पर छापेमारी की। यह अभियान सुबह से शुरू होकर देर शाम तक चला।
इस अभियान में पुलिस ने अभूतपूर्व सफलता प्राप्त की है। कुल 6 मामले दर्ज किए गए हैं जिनमें से एक एनडीपीएस एक्ट के तहत दर्ज किया गया है जिसमें डेढ़ किलो अवैध अफीम और एक स्कार्पियो गाड़ी बरामद हुई है। दो मामले आबकारी अधिनियम के तहत और तीन मामले एमएमआरडी एक्ट के तहत दर्ज किए गए हैं।
सबसे बड़ी कामयाबी अवैध बजरी खनन के खिलाफ रही। पुलिस ने 4200 टन अवैध बजरी का स्टॉक जब्त किया है। साथ ही, 78 वाहन भी जब्त किए गए हैं जिनमें 46 डम्पर, 1 ट्रक, 8 जेसीबी, 2 ट्रैक्टर (ट्रॉली सहित), 2 स्कार्पियो, 5 बोलेरो, 1 पिकअप, 2 कैम्पर, 1 क्रेटा, 1 स्विफ्ट, 1 अल्टो और 8 मोटरसाइकिल शामिल हैं। यातायात पुलिस ने भी पिछले तीन दिनों में 30 डम्पर जब्त किए और 17 डम्परों का चालान किया है।
इस ऑपरेशन में 8 स्थायी वारंट, 2 गिरफ्तारी वारंट पर कार्रवाई की गई है और एक वांछित अपराधी (एमएमआरडी एक्ट में वांछित) को भी गिरफ्तार किया गया है। इसके अलावा, 13 व्यक्तियों के खिलाफ 170 बीएनएसएस के तहत कार्रवाई की गई है। कुल मिलाकर, विभिन्न मामलों में 27 आरोपियों को गिरफ़्तार किया गया है।
DCP राजर्षि राज वर्मा ने मीडिया को बताया कि यह अभियान बजरी माफिया के खिलाफ एक कड़ा संदेश है। पुलिस आगे भी इस तरह के अभियान जारी रखेगी और बजरी माफिया के खिलाफ कड़ी कार्रवाई करेगी। उन्होंने कहा कि पहली बार इतनी बड़ी मात्रा में अवैध बजरी और इतनी बड़ी संख्या में वाहनों को जब्त किया गया है। टीम भावना के कारण ही यह सफलता मिली है। पुलिस किसी भी सूरत में बजरी माफिया की दादागिरी बर्दाश्त नहीं करेगी।
इस ख़बर को पढ़े...
गौरतलब है कि फलोदी जिले में लोहावट निवासी सुनील खिलेरी पुलिस कमिश्नरेट जोधपुर के लूनी थाने में कांस्टेबल था। वह खेजड़ली सर्कल पर अस्थाई नाका में तैनात था। गत रविवार सुबह साढ़े आठ बजे अवैध बजरी से भरे डम्पर का चेतक ने पीछा किया था। फिटकासनी रोड पर प्याऊ के पास चालक डम्पर खड़ा कर बजरी खाली करने लग गया था। तब सुनील ने पास जाकर चालक को पकड़ने का प्रयास किया था, लेकिन चालक ने कट मारकर सुनील को गिरा दिया था और डम्पर से उसे कुचल दिया था। गंभीर हालत में उसे एमडीएम अस्पताल में भर्ती कराया गया था, जहां मंगलवार रात उसकी मृत्यु हो गई थी।
Post A Comment:
0 comments: