41 दिनों तक चले श्री सुखमनी साहिब के पाठ का हुआ समापन, छबील का आयोजन कर प्यास बुझाई गई
2 जून से शुरू होंगी निशुल्क गुरमुखी कक्षाएँ
जोधपुर। आज विश्वभर के सिख समुदाय के साथ जोधपुर की समूह गुरुनानक नाम लेवा संगत ने बड़े ही प्यार और श्रद्धा भाव से पांचवें गुरु, शहीदों के सरताज, शांति के पुंज गुरु अर्जन देव जी का महान शहीदी गुरुपर्व मनाया। शहीदी गुरुपर्व को समर्पित पिछले 41 दिनों से चल रहे लड़ी वार श्री सुखमनी साहिब के पाठ का समापन आज जोधपुर के विभिन्न गुरुद्वारों - गुरुद्वारा सिंह सभा, गुरुद्वारा गुरुतेग बहादुर साहिब, गुरुद्वारा गुरुनानक दरबार पावटा और कैम्प गुरुद्वारा एयरफोर्स में हुआ। प्रातःकाल से लेकर देर शाम तक बड़ी संख्या में संगत गुरु दर्शन के लिए गुरुघरों में उपस्थित रही।
सुबह गुरुद्वारा श्री गुरुतेग बहादुर साहिब, सिंधी कॉलोनी में गुरु अर्जन देव जी द्वारा रचित श्री सुखमनी साहिब जी के पाठ की समाप्ति के बाद जोधपुर के विभिन्न गुरुद्वारों के कीर्तनीय जत्थों ने अपनी रसमयी आवाज़ में संगत को गुरु चरणों से जोड़ा और अंत में गुरु का अटूट लंगर वितरित किया गया।
आज का मुख्य दीवान गुरुद्वारा गुरुसिंह सभा में हुआ, जहाँ दो दिन पूर्व आरंभ हुए अखंड पाठ साहिब का विधिवत समापन हुआ। इसके बाद माता अमरजीत कौर छाबड़ा ने पांचवें गुरु गुरु अर्जन देव जी की जीवनी पर प्रकाश डालते हुए कथा की। ज्ञानियों सचिन सिंह, परमीत सिंह, जयपाल सिंह और करम जीत सिंह ने हरि कीर्तन किया और अंत में गुरु का लंगर वितरित किया गया।
सेंट्रल गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी के कोऑर्डिनेटर और गुरुद्वारा सचिव सरदार कुलदीप सिंह सलूजा और सरदार जगमोहन सिंह ने पिछले 41 दिनों से सुखमनी साहिब की सेवा में लगे परिवारों और भाई घनेइया सेवा समिति, दशमेश सेवादल, गुरुनानक सेवा समिति सहित अन्य सेवादारों को धन्यवाद दिया। उन्होंने साध संगत के सहयोग के लिए भी आभार व्यक्त किया। इस अवसर पर चेयरमैन हरजीत सिंह भूटानी, प्रधान सरदार दर्शन सिंह लोटे, प्रधान सरदार जितेंद्र सिंह बत्रा और जोधपुर के गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटियों के पदाधिकारी और समाज के गण मान्य लोग उपस्थित रहे।
शहीदी गुरुपर्व के उपलक्ष में जोधपुर के प्रत्येक गुरुद्वारा साहिब के बाहर और शहर के विभिन्न मुख्य मार्गों पर धर्म प्रेमियों द्वारा परंपरागत छबील का आयोजन किया गया। सेवादारों ने तपती धूप में राहगीरों को ठंडा मीठा जल पिलाया। कई राहगीर शहीदी गुरुपर्व के बारे में जानने में उत्सुक दिखे और उन्हें इस महान इतिहास के बारे में जानकारी दी गई।
गुरुद्वारा श्री गुरु तेग बहादुर साहब के प्रधान सेवादार सरदार जितेंद्र सिंह बत्रा ने बताया कि 2 जून से गुरुद्वारा में शाम 6 से 7 बजे तक निशुल्क गुरमुखी (पंजाबी) कक्षाओं का आयोजन किया जा रहा है। ये कक्षाएँ सभी आयु वर्ग के लोगों के लिए खुली हैं जहाँ गुरमुखी लिखना, पढ़ना, श्री गुरु ग्रंथ साहिब का प्रकाश, हुक्मनामा लेना, सुखासन करना, कीर्तन और साज बजाना सिखाया जाएगा।
Post A Comment:
0 comments: